Cricket

IND vs NZ T20: ईशान किशन का तूफान! 21 गेंदों में फिफ्टी, भारत 2-0 से सीरीज में आगे

IND vs NZ T20 में ईशान किशन की 76 रन की विस्फोटक पारी और सूर्यकुमार यादव के 82 रन की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। पढ़ें पूरा मैच रिपोर्ट।

IND vs NZ T20: ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की ऐतिहासिक पारियां

भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। यह मुकाबला पूरी तरह से भारत के बल्लेबाजों के नाम रहा, जहां ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसी पारियां खेलीं, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

 न्यूजीलैंड की धमाकेदार शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रचिन रवींद्र ने 26 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें दो चौके और चार शानदार छक्के शामिल थे। वहीं, कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 47 रन की तेज पारी खेली।

इसके अलावा टिम साइफर्ट ने 24 रन और डेवोन कॉनवे ने 19 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने दो अहम विकेट झटके।

IND vs NZ T20 Ishan kishan record
Image: Facebook

 भारत की खराब शुरुआत, फिर ईशान का विस्फोट

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय क्रिकेट टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती सात गेंदों में ही दो विकेट गंवा दिए। संजू सैमसन 6 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके।

ऐसे दबाव भरे हालात में क्रीज पर आए ईशान किशन और उन्होंने आते ही मैच का रुख बदल दिया। ईशान ने मैदान पर कदम रखते ही आक्रामक तेवर दिखाए और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी।

 21 गेंदों में अर्धशतक, बना रिकॉर्ड

ईशान किशन ने मात्र 21 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 32 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक बन गया।

तीसरे ओवर में जकारी फोक्स की गेंदबाजी पर ईशान ने 24 रन बटोरकर मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

 बल्ला हवा में, पंत की यादें ताजा

ईशान की पारी के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। पांचवें ओवर में मिचेल सैंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में उनका बल्ला हाथ से छूटकर हवा में उड़ गया। इस दृश्य ने फैंस को तुरंत ऋषभ पंत की याद दिला दी, जिनके साथ ऐसा कई बार हो चुका है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं।

 सूर्यकुमार यादव की क्लासिक पारी

ईशान के आउट होने के बाद भी भारत की रफ्तार नहीं थमी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों में 82 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए और दिखा दिया कि वह अपनी फॉर्म में लौट चुके हैं।

अंत में शिवम दुबे ने 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाकर भारत को आसान जीत दिलाई।

 टी20 वर्ल्ड कप के लिए बड़ा संकेत

IND vs NZ T20: नागपुर में पहले टी20 में असफल रहने के बाद ईशान किशन की यह पारी आगामी टी20 विश्व कप के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है।

India vs New Zealand 2nd T20: रायपुर में आज किसका चलेगा बल्ला? जानें कब और कहां देखें मैच

Mohammad Rafi

मोहम्मद रफ़ी Prime News 24 में क्रिकेट से जुड़ी खबरों के लेखक हैं। वे अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट, IPL, टी20 और वनडे मैचों से जुड़ी ताज़ा खबरें, अपडेट्स और विश्लेषण पाठकों तक पहुंचाते हैं। उनका लेखन सरल, तथ्यपरक और भरोसेमंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *